डीएम ने की सहयोग शिविर की तैयारियों की समीक्षा, बेहतर सुविधा देने के निर्देश
- Post By Admin on May 29 2026
लखीसराय : आगामी 2 जून 2026 को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी सहयोग शिविरों के वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने सहयोग शिविरों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि शिविरों में आम जनता को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंच सके।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी कार्यों का समयबद्ध निष्पादन करने पर जोर दिया गया। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सहयोग शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठा सकें। सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी माध्यम है और इसके सफल संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।