डीएम ने विकास कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर
- Post By Admin on May 29 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने शुक्रवार को अपर समाहर्ता नीरज कुमार एवं उप विकास आयुक्त सुमित कुमार के साथ जिले के विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना था।
निरीक्षण के दौरान सबसे पहले नगर क्षेत्र में बुडको द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य का जायजा लिया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने एसपी आवास मोड़ से सोनिया पोखर तक प्रस्तावित नाले के संबंध में निर्देश दिया कि नाले का पानी सीधे सोनिया पोखर में नहीं गिराया जाए। उन्होंने जल निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था विकसित करने और अन्य संभावनाओं पर विचार करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
इसके बाद जिला पदाधिकारी ने परिया पोखर, जमुई मोड़ एवं चैती दुर्गा स्थान सहित अन्य नालों का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के अगले चरण में लखीसराय प्रखंड स्थित जल मीनार का निरीक्षण किया गया। जिला पदाधिकारी ने स्वयं जल मीनार को चालू कर उसकी कार्यक्षमता की जांच की तथा पीएचईडी विभाग के अधिकारियों को नियमित संचालन एवं रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके पश्चात डीएम डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग द्वारा संचालित नाव जाल पैकेज योजना के तहत आयोजित फिशिंग वुडेन बोट वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने पर जोर दिया तथा लाइफ जैकेट समेत सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग की जानकारी दी। इसके बाद जिला पदाधिकारी अशोक धाम स्थित शिवगंगा पहुंचे, जहां पर्यटन विभाग द्वारा कराए जा रहे सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही वहां स्थापित बंद पड़ी जल मीनार को शीघ्र चालू कराने के लिए पीएचईडी विभाग को निर्देशित किया।
निरीक्षण के अंतिम चरण में जिला पदाधिकारी बड़हिया प्रखंड पहुंचे, जहां मध्य विद्यालय प्रतापपुर के समीप सड़क एवं नाला निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर छात्रों को स्वच्छता एवं नियमित अध्ययन के प्रति प्रेरित किया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।