डीएम का स्कूलों में औचक निरीक्षण, आधारभूत सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश
- Post By Admin on Jun 03 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बुधवार को उप विकास आयुक्त सुमित कुमार एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम के साथ बड़हिया प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में सबसे पहले मध्य विद्यालय शहजादपुर, बड़हिया का अवलोकन किया गया। यहां जिला पदाधिकारी ने विद्यालय में अधूरे पड़े दो-तीन कमरों के निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बिहार राज्य शैक्षिक आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड के कार्यपालक पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर जलजमाव की समस्या भी सामने आई। इस पर जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं संबंधित प्रखंड कार्यपालक अभियंता को तत्काल जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके बाद जिला पदाधिकारी उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, लक्ष्मीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, रख-रखाव तथा चारदीवारी के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानाध्यापक, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं बिहार राज्य शैक्षिक आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड, पटना को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिला पदाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों का सुचारू संचालन, स्वच्छ वातावरण तथा आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं विद्यालयों के प्रधानाध्यापक भी उपस्थित रहे।