NEET पुनर्परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन पर जोर

  • Post By Admin on May 25 2026
NEET पुनर्परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन पर जोर

लखीसराय : नीट (NEET) पुनर्परीक्षा के शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर सोमवार को जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं पारदर्शी संचालन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने केंद्राधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, परीक्षार्थियों की सघन जांच सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। साथ ही सीसीटीवी निगरानी, जैमर व्यवस्था और प्रवेश के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन समेत सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं होने देने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस दौरान उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता श्री शशि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम, सभी केंद्राधीक्षक, सिटी कोऑर्डिनेटर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।