बाहुबली राजा भैया और पत्नी के बीच गहराया विवाद, सियासी गलियारों में मचा हड़कंप
- Post By Admin on Mar 13 2025

प्रतापगढ़ : उत्तर प्रदेश के बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच पारिवारिक विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। यह निजी मामला अब कोर्ट-कचहरी तक पहुंच चुका है और राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गया है।
भानवी सिंह ने दिल्ली में राजा भैया के खिलाफ उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। हालांकि, राजा भैया ने इस मुद्दे पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन उनके बेहद करीबी अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपाल जी ने इस पूरे विवाद पर अपनी भाभी पर खुलकर निशाना साधा है।
अक्षय प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया पर भानवी सिंह पर सीधा हमला बोलते हुए लिखा कि यह विवाद घर के अंदर ही सुलझाया जाना चाहिए था, लेकिन इसे सार्वजनिक कर 'मसालेदार गॉसिप' बनाने का काम खुद भानवी सिंह ने किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजा भैया ने अब तक इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन वह खुलकर बोलेंगे। उनका कहना था कि राजा भैया की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है, जबकि वे पिछले 10 सालों से अपनी पत्नी से अलग रह रहे हैं।
अक्षय प्रताप सिंह ने इस विवाद को संपत्ति और आर्थिक लेन-देन से भी जोड़ा। उन्होंने दावा किया कि शादी के बाद भानवी सिंह को प्रतापगढ़ की विशाल ज़मीनें, दिल्ली में आलीशान बंगला, उत्तराखंड के सेब के बाग और कई व्यावसायिक संपत्तियां दी गईं। उन्होंने यह भी कहा कि आज उनकी संपत्ति राजा भैया से भी अधिक हो गई है और वे अधिक आयकर रिटर्न भरती हैं।
इसके अलावा, उन्होंने आरोप लगाया कि भानवी सिंह ने राजा भैया से भारी-भरकम रकम की मांग की। पहले उन्होंने 10 लाख रुपए प्रति माह मांगे, फिर अदालत में याचिका दायर कर इसे 25 लाख रुपए प्रतिमाह और 100 करोड़ रुपए तक बढ़ा दिया। उन्होंने कहा कि यह सभी दावे न्यायालय के रिकॉर्ड में दर्ज हैं।
अब यह विवाद सिर्फ एक पारिवारिक मसला नहीं रह गया है, बल्कि सियासी गलियारों में भी इसकी गूंज सुनाई दे रही है। पहले इसे महज आपसी मतभेद माना जा रहा था, लेकिन अब मामला कोर्ट और सोशल मीडिया तक पहुंच चुका है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या राजा भैया अपनी चुप्पी तोड़ेंगे? क्या भानवी सिंह इस पर कोई जवाब देंगी? और क्या यह विवाद कोर्ट में ही सुलझेगा या आगे और बढ़ेगा? इन सभी सवालों के जवाब आने वाले दिनों में मिलेंगे।