मां जानकी तीर्थस्थल का विकास बिहार की संस्कृति और समृद्धि का प्रतीक : विजय कुमार सिन्हा
- Post By Admin on Aug 08 2025
.jpg)
पटना : बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में मां जानकी मंदिर के पुनर्निर्माण के शिलान्यास और भूमिपूजन का जोरदार स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक मंदिर के निर्माण का आरंभ नहीं, बल्कि नए बिहार के विकास और सांस्कृतिक उत्थान का प्रतीक है।
विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि 882 करोड़ रुपये की इस परियोजना में मंदिर परिसर का समग्र विकास शामिल है, जिसमें मंदिर परकोटा, तीर्थ यात्री सुविधा केंद्र, ऑडिटोरियम, अतिथि गृह, माता जानकी कुंड घाट, भंडारा स्थल और अन्य जनसुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल बिहार की सनातन संस्कृति और धार्मिक श्रद्धा को नया जीवन देने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगी।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में पिछले दस वर्षों में आध्यात्मिक और आर्थिक विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं, जैसे श्रीराम मंदिर का पुनर्निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और उज्जैन महाकाल कॉरिडोर का निर्माण। मां जानकी मंदिर का विकास इसी श्रृंखला का हिस्सा है, जो बिहार को परंपरा और पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
विजय कुमार सिन्हा ने डबल इंजन सरकार की योजनाओं को भी सराहा और कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर नागरिक के समग्र विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के छह दौरों में बिहार को करीब 83 हजार करोड़ रुपये की योजनाएं मिली हैं, जिनमें रेलवे, सड़क, सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण, हवाई यातायात, केंद्रीय विद्यालय और मेडिकल कॉलेज जैसे अहम प्रोजेक्ट शामिल हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, “यह मंदिर सिर्फ एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि बिहार की नई ऊर्जा और विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। हमारी सरकार नारे नहीं, बल्कि परिणाम देने वाली नीतियों पर विश्वास करती है।”