उपायुक्त वरुण रंजन ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की

  • Post By Admin on Nov 15 2024
उपायुक्त वरुण रंजन ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की

रांची : जिले के उपायुक्त वरुण रंजन ने शुक्रवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मोरहाबादी स्थित गोपनीय कार्यालय कक्ष में भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उन्होंने जिलेवासियों को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर बधाई दी।

उपायुक्त ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का योगदान केवल स्वतंत्रता संग्राम में ही नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने में भी अभूतपूर्व था। वे जनजातीय समुदायों के साहस, शौर्य और बलिदान के प्रतीक रहे हैं। उनका संघर्ष और उनके विचार आज भी हमारे समाज को प्रेरित करते हैं।

उन्होंने कहा, “भगवान बिरसा मुंडा ने अपने क्रांतिकारी विचारों से समाज में जागरूकता का अलख जगाया और आदिवासी समाज की दशा और दिशा को बदलने का कार्य किया। उनका जीवन हमारे लिए एक प्रेरणा स्रोत है, जो हमें अपने आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देता है।”

उपायुक्त वरुण रंजन ने भगवान बिरसा मुंडा के मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लेने की बात कही। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और उनके सिद्धांतों से प्रेरित होकर समाज में बदलाव लाने के लिए सक्रिय रूप से काम करें। इस अवसर पर उपायुक्त ने झारखंड राज्य स्थापना दिवस की भी बधाई दी और राज्य के विकास और समृद्धि के लिए सभी से मिलकर प्रयास करने की अपील की।