दरभंगा सम्मेलन से पहले माले में लोकतांत्रिक प्रक्रिया तेज, मुजफ्फरपुर में 11 प्रतिनिधियों के लिए मतदान
- Post By Admin on Apr 17 2026
मुजफ्फरपुर: जिले में भाकपा-माले के 12वें बिहार राज्य सम्मेलन को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में 17 अप्रैल को जिले से प्रतिनिधियों के चयन के लिए मतदान कराया जाएगा, जिसमें पार्टी के विभिन्न स्तरों के कार्यकर्ता भाग लेंगे। जानकारी के अनुसार, यह राज्य सम्मेलन 16 से 18 मई 2026 तक दरभंगा में आयोजित होना है, जिसके लिए मुजफ्फरपुर से कुल 11 प्रतिनिधियों का चुनाव किया जाना है। मतदान प्रक्रिया दिवान रोड स्थित किरणश्री भवन में सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। इसके बाद मतगणना कर सर्वाधिक वोट पाने वाले 11 प्रतिनिधियों की घोषणा की जाएगी।
इस चुनाव प्रक्रिया में पार्टी की जिला कमिटी, प्रखंड व टाउन कमिटी के सदस्य, पंचायत स्तर के कार्यकर्ता और ब्रांच सचिव हिस्सा लेंगे। पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए राज्य कमिटी ने पर्यवेक्षक के रूप में प्रकाश कुमार को नियुक्त किया है। माले के नवनिर्वाचित जिला सचिव जितेन्द्र यादव ने बताया कि प्रतिनिधि चुनाव के लिए 12 और 13 अप्रैल को कुल 34 कार्यकर्ताओं ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें 6 महिलाएं भी शामिल हैं। 15 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच पूरी कर ली गई है, और अब 17 अप्रैल को गुप्त मतदान के जरिए अंतिम चयन किया जाएगा।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, यह चुनाव न सिर्फ प्रतिनिधियों के चयन का माध्यम है, बल्कि संगठन की आंतरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया को भी मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। सम्मेलन से पहले इस चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।