वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार और सम्मान पर डालसा की पहल, जागरूकता अभियान का संकल्प
- Post By Admin on Jun 04 2026
लखीसराय : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) लखीसराय के जागृति यूनिट की ओर से गुरुवार को जागृति स्कीम-2025 के तहत वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, सशक्तिकरण एवं गरिमा से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार लखीसराय श्री सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम के निर्देश पर डालसा सचिव श्री विधानंद सागर के प्रकोष्ठ में संपन्न हुई।
बैठक में मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी, जिला परिषद लखीसराय, मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी, नगर निगम लखीसराय तथा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा पीएलवी सदस्य पंकज भारती, विजय महतो, रोहित कुमार, जुली कुमारी तथा डालसा कर्मी नेहा सक्सेना, संतोष कुमार और प्रकाश कुमार ने भी सहभागिता की। बैठक के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को उपलब्ध अधिकारों, सरकारी योजनाओं और सुविधाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष चर्चा की गई। उपस्थित अधिकारियों एवं सदस्यों ने इस बात पर जोर दिया कि समाज के वरिष्ठ जनों तक उनकी कानूनी एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित जानकारियां प्रभावी रूप से पहुंचाई जाएं, ताकि वे विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी बल दिया गया। साथ ही विभिन्न हितधारकों के सहयोग से वरिष्ठ नागरिकों को अधिकाधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनके सम्मानजनक जीवन को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों के जरिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विधिक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।