सहयोग शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, आवास से लेकर पेयजल तक की समस्याएं उठीं

  • Post By Admin on May 26 2026
सहयोग शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, आवास से लेकर पेयजल तक की समस्याएं उठीं

लखीसराय : चानन प्रखंड अंतर्गत जानकीडीह पंचायत के प्राथमिक विद्यालय बसंतपुर परिसर में सोमवार को “सहयोग शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करना था। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न समस्याओं और मांगों से जुड़े आवेदन प्रशासन को सौंपे।

शिविर के दौरान ग्रामीणों ने मुख्य रूप से आवास योजना, पेयजल, नाला निर्माण, सड़क, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा अन्य जनसुविधाओं से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। उपस्थित अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों में मौके पर ही समाधान की पहल की गई, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया गया।

जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का जल्द निष्पादन कर लाभुकों को राहत पहुंचाई जाए। अपर समाहर्ता नीरज कुमार तथा उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने भी ग्रामीणों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

इसी दौरान जिला पदाधिकारी ने सूर्यगढ़ा प्रखंड स्थित नए पंचायत भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद आसपास के क्षेत्रों में जल जमाव की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।