बाल एवं महिला उत्पीड़न के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

  • Post By Admin on Sep 03 2026
बाल एवं महिला उत्पीड़न के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मुजफ्फरपुर: मध्य विद्यालय, चंदवारा में महिला एवं बाल शारीरिक तथा मानसिक उत्पीड़न के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं महिलाओं को विभिन्न प्रकार के उत्पीड़न से बचाव, सुरक्षा के उपायों तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता हीलर रूबी सिंह एवं वेलनेस कोच उत्कर्ष सिंह ने उपस्थित बच्चों एवं महिलाओं से संवाद करते हुए शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को सहन करने के बजाय उसके खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है। साथ ही बच्चों को असुरक्षित परिस्थितियों को पहचानने, अपनी बात भरोसेमंद लोगों तक पहुंचाने और आवश्यकता पड़ने पर मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ मुजफ्फरपुर की अध्यक्ष प्रीति राज, निशा जायसवाल एवं श्वेता सिन्हा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान तथा मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने समाज में महिलाओं एवं बच्चों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने और शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि जागरूकता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से ही सुरक्षित, स्वस्थ एवं सम्मानजनक समाज का निर्माण संभव है।