मुख्य सचिव ने की योजनाओं की समीक्षा, फार्मर रजिस्ट्री में लखीसराय की प्रगति को सराहा
- Post By Admin on Jun 01 2026
लखीसराय : मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, एग्री स्टैक, फार्मर रजिस्ट्री, हैंडपंप मरम्मत सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने सभी जिलों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि कोई भी पात्र लाभुक योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। बैठक में एग्री स्टैक और फार्मर रजिस्ट्री अभियान को लेकर विशेष जोर दिया गया। समीक्षा के दौरान बताया गया कि लखीसराय जिले में अब तक लगभग 86 प्रतिशत किसानों का फार्मर रजिस्ट्री कार्य पूरा किया जा चुका है। इस उपलब्धि पर मुख्य सचिव ने संतोष व्यक्त करते हुए शेष 14 प्रतिशत किसानों का पंजीकरण जल्द पूरा कर 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री सरकार की महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा। इसके लिए कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा फील्ड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर शेष किसानों का पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में हैंडपंप मरम्मत कार्य की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने गर्मी के मौसम को देखते हुए खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। इस दौरान जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार द्वारा जनजातीय बहुल गांवों का भ्रमण कर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की पहल की मुख्य सचिव ने विशेष सराहना की। साथ ही अन्य जिलों को भी इसी प्रकार की प्रभावी जलापूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने की सलाह दी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में लखीसराय से जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, वरीय उपसमाहर्ता श्री शशि कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता श्री राहुल कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी श्री कुंदन कुमार, सिविल सर्जन श्री जयप्रकाश सिंह तथा विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।