मुख्य सचिव ने की जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा, फील्ड निरीक्षण के निर्देश
- Post By Admin on May 18 2026
लखीसराय : जनगणना 2027 को लेकर मुख्य सचिव, बिहार पटना की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना के प्रथम चरण के तहत जिले में अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना देश की एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके आंकड़ों के आधार पर भविष्य की योजनाएं और नीतियां तैयार की जाती हैं। इसलिए जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और शुद्धता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि परगणक और पर्यवेक्षक शत-प्रतिशत सही एवं त्रुटिरहित मकानों की गणना सुनिश्चित करें। किसी भी मकान के छूटने या दोहराव की स्थिति नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिया कि सभी चार्ज पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भौतिक निरीक्षण करेंगे और परगणकों एवं पर्यवेक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहेंगे। फील्ड विजिट के दौरान चयनित परिवारों का पुनः सत्यापन कर गणना कार्य की शुद्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के बाद जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। बैठक में जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आगामी कार्ययोजना की भी समीक्षा की गई। लखीसराय जिले से इस बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी रामविनोद प्रसाद यादव सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।