किसानों के पंजीकरण को लेकर मुख्य सचिव ने की समीक्षा, सभी जिलों को लक्ष्य पूरा करने का निर्देश
- Post By Admin on May 15 2026
लखीसराय : बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलों के साथ फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों के पंजीकरण कार्य की प्रगति, लंबित मामलों तथा लक्ष्य प्राप्ति की स्थिति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने सभी जिलों के अधिकारियों को फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए फॉर्मर रजिस्ट्री अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि 20 मई 2026 को राज्यभर में विशेष अभियान चलाकर अधिक-से-अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों एवं क्षेत्रीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया।
बैठक में प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने, किसानों को पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी देने तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए स्थानीय स्तर पर विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में लखीसराय जिला से जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।