जनजातीय क्षेत्र में 15 हजार लेमनग्रास पौधों का वितरण, हर्बल वैली विकसित करने की पहल
- Post By Admin on Sep 11 2026
लखीसराय : जिले के चानन प्रखंड के जनजातीय क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर जिला प्रशासन की ओर से संग्रामपुर एवं भलुई पंचायत के दूरस्थ इलाके में पहल तेज की गई है। कछवा और महाजनमा सतघरवा गांव के बीच महाजनमा में बरगद के पेड़ के नीचे कोड़ा जनजाति के लोगों के साथ चौथी बैठक आयोजित की गई। इस दौरान क्षेत्र को जैविक और औषधीय पौधों के विकास के केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में 15 हजार लेमनग्रास के पौधों का वितरण किया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार, इस्लामपुर स्थित औषधीय अनुसंधान केंद्र की अनुशंसा पर उपलब्ध पौधों में से लेमनग्रास का चयन किया गया है। इन पौधों को करीब पांच एकड़ क्षेत्र में लगाया जाएगा। इसका उद्देश्य पूरे इलाके को हर्बल औषधीय वैली के रूप में विकसित करना और जनजातीय समुदाय के लोगों के लिए आय के नए अवसर पैदा करना है। बैठक में लेमनग्रास की खेती की उपयोगिता, इसकी खेती से होने वाली आमदनी और इसके आर्थिक लाभ की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
बताया गया कि जिला पदाधिकारी इससे पहले तीन बार इस क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं। पहली यात्रा के दौरान ग्रामीणों को जैविक खेती की शपथ दिलाई गई थी। दूसरी बार गांव को पेयजल सुविधा से जोड़ने की पहल के साथ बीएसएनएल टावर के लिए भूमि चिन्हित की गई। तीसरी यात्रा में हर्बल मेडिसिनल गार्डन नर्सरी की स्थापना की गई। अब चौथी बार 15 हजार लेमनग्रास पौधों के वितरण के साथ पूरे क्षेत्र को हर्बल औषधीय वैली के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। यह कार्य बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के तत्वावधान में उद्यान निदेशालय के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा कराया गया।
क्षेत्र के बच्चों की शिक्षा शुरू कराने के लिए अस्थायी विद्यालय की व्यवस्था भी की गई है। यहां दो शिक्षकों की तैनाती के साथ बच्चों की पढ़ाई शुरू कराई गई। अधिकारियों ने बच्चों और उनके अभिभावकों से नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। साथ ही ग्रामीणों को टीबी मुक्त भारत, एनीमिया मुक्त भारत और चिकित्सा आपके द्वार जैसे अभियानों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिए करीब 30 जनजातीय लोगों से आवेदन भी लिए गए।
जिला पदाधिकारी ने भविष्य में लेमनग्रास से तेल निकालने के लिए डिस्टिलेशन प्लांट स्थापित करने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने जिला उद्यान पदाधिकारी राजीव रंजन को इस संबंध में आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया और अब तक किए गए कार्यों की सराहना की। जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार को क्षेत्र में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किए गए कार्यों के लिए धन्यवाद देते हुए आगे भी प्रयास जारी रखने का निर्देश दिया गया। वहीं, अस्थायी विद्यालय शुरू कराने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी धन्यवाद दिया गया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला उद्यान पदाधिकारी राजीव रंजन, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण, चानन के प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।