केंद्रीय विद्यालय में पहुंची RPF-GRP टीम, छात्रों को बताए सुरक्षित रेल यात्रा के नियम
- Post By Admin on Aug 27 2026
लखीसराय : किऊल स्टेशन स्थित केंद्रीय विद्यालय में गुरुवार को रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) किऊल और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) किऊल की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों और मौजूद शिक्षकों को सुरक्षित रेल यात्रा तथा नशे से दूर रहने के संबंध में जानकारी दी गई।
आरपीएफ किऊल के निरीक्षक प्रभारी के निर्देशन में जीआरपी किऊल के थानाध्यक्ष बृंद कुमार पुलिसकर्मियों के साथ विद्यालय पहुंचे। इस दौरान छात्रों को चलती ट्रेन में अनावश्यक रूप से एसीपी (अलार्म चेन) नहीं खींचने, ट्रेन पर पत्थर नहीं फेंकने तथा चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने से बचने की सलाह दी गई। पुलिस पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को सूखा नशा समेत अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने के लिए भी जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। यदि कोई व्यक्ति ट्रेन पर पत्थर फेंकते हुए दिखाई देता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या संबंधित थाने को देने की अपील की गई।
अभियान के दौरान रेल सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाकर रेल दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों को रोकने में मदद मिल सकती है।