महागठबंधन प्रत्याशियों पर आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज

  • Post By Admin on Nov 13 2024
महागठबंधन प्रत्याशियों पर आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज

रांची : महागठबंधन के दो प्रत्याशियों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में केस दर्ज हुआ है। भाजपा विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुधीर श्रीवास्तव की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मिलकर आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत की थी।

रांची विधानसभा सीट से झामुमो की उम्मीदवार महुआ माजी पर आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए गले में पार्टी का पट्टा पहनने का आरोप है। वहीं हटिया विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार अजय नाथ शाहदेव पर मतदाता पर्ची में अपनी तस्वीर का इस्तेमाल करने का आरोप लगा है। इन दोनों मामलों में निर्वाचन पदाधिकारी ने एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है।

इसके अतिरिक्त दो अन्य मामलों की भी जांच का आदेश दिया गया है। चुनाव आयोग ने सभी प्रत्याशियों को आचार संहिता का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी है जिससे चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।