बीआरएबीयू में 100 से अधिक स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान, स्वच्छता और नशामुक्ति का लिया संकल्प

  • Post By Admin on Nov 01 2026
बीआरएबीयू में 100 से अधिक स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान, स्वच्छता और नशामुक्ति का लिया संकल्प

मुजफ्फरपुर : बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) परिसर में रविवार, 1 नवंबर को श्रमदान और स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), न्यू सामाजिक विज्ञान संकाय के विभिन्न विभागों और हिंदी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को बढ़ावा देना, प्लास्टिक मुक्त बिहार का संकल्प मजबूत करना और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था। अभियान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय के नेतृत्व में सुबह 7:30 बजे न्यू सामाजिक विज्ञान संकाय के समीप आयोजित हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत में एनएसएस समन्वयक डॉ. अनुराधा पाठक ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों, पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को अभियान के उद्देश्य एवं गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे और गंदगी से मुक्त रखना विकसित भारत के निर्माण के लिए आवश्यक है। उन्होंने स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर जीवन की नियमित आदत बनाने पर जोर दिया। उनके अनुसार, स्वच्छ वातावरण समाज में जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति प्रेम की भावना को भी मजबूत करता है। अभियान के मुख्य आयोजक और सीसीडीसी प्रो. रजनीश गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए सभी विभागों को सामूहिक प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को इस दिशा में ऐसा उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए, जिसे दूसरे संस्थान भी अपना सकें।

अभियान में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ करीब 100 एनएसएस स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राएं शामिल हुए। हिंदी विभाग की अध्यक्ष प्रो. आशा, सहायक प्राध्यापक डॉ. उज्ज्वल आलोक, डॉ. सुशांत कुमार, डॉ. साक्षी शालिनी और डॉ. संध्या सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक मौजूद रहे। मनोविज्ञान विभाग से डॉ. विकास कुमार, डॉ. किरण ठाकुर और डॉ. रीतू कुमारी, बंगाली विभाग से डॉ. तारक पुरकायत एवं डॉ. सुनंदा मंडल तथा वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग से प्रो. रवि श्रीवास्तव, डॉ. विनोद बैठा, डॉ. मो. सलाहुद्दीन और डॉ. के.के. ठाकुर ने भी भाग लिया। गृह विज्ञान विभाग की अध्यक्ष प्रो. संगीता रानी, विश्वविद्यालय के डीआर-द्वितीय डॉ. अमर बहादुर शुक्ला और आरडीएस कॉलेज के डॉ. ललित कुमार समेत अन्य शिक्षक एवं पदाधिकारी भी अभियान में शामिल हुए।

इस सामुदायिक पहल में मुजफ्फरपुर के नीतीश्वर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार और एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता अपने कॉलेज के स्वयंसेवकों के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहे। एमडीडीएम कॉलेज और एलएनटी कॉलेज के एनएसएस स्वयंसेवकों ने भी श्रमदान एवं जागरूकता गतिविधियों में भागीदारी की। अभियान के समापन पर नीतीश्वर कॉलेज के स्वयंसेवक शिवम कुमार ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया। वहीं, स्वयंसेवक प्रणव कुमार ने कार्यक्रम में शामिल सभी पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।