स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का खाका तैयार, प्रशासन ने तय की कार्ययोजना

  • Post By Admin on Jul 10 2026
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का खाका तैयार, प्रशासन ने तय की कार्ययोजना

लखीसराय : आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह को भव्य, व्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से आयोजित करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार ने उपस्थित पदाधिकारियों की उपस्थिति दर्ज कराते हुए की। इसके बाद पिछले वर्ष आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का प्रस्तुतीकरण पीपीटी के माध्यम से किया गया, ताकि इस वर्ष की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके। बैठक में जानकारी दी गई कि मुख्य समारोह में ध्वजारोहण का कार्यक्रम 15 अगस्त को सुबह 9 बजे से 11 बजे के बीच आयोजित होगा। वहीं, जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं अन्य संस्थानों में ध्वजारोहण की तैयारियां, रंगाई-पुताई तथा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देने का अभ्यास 7 से 13 अगस्त तक प्रतिदिन कराया जाएगा।

जिला पदाधिकारी ने समारोह स्थल पर मंच, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों की राष्ट्रगान में सहभागिता सुनिश्चित करने तथा स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में स्कूली बच्चों को तिरंगा लेकर गांधी मैदान एवं अन्य कार्यक्रम स्थलों पर शामिल करने का निर्देश दिया, ताकि समारोह में देशभक्ति का माहौल और सशक्त हो सके। समारोह के सफल संचालन के लिए ध्वजारोहण, परेड निरीक्षण, भाषण, राष्ट्रगान, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं आमंत्रण पत्र वितरण सहित विभिन्न कार्यों के लिए नोडल एवं सहायक नोडल पदाधिकारियों की नियुक्ति करने का निर्णय लिया गया। जिला पदाधिकारी ने सभी दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण कर समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों, शहीद द्वार एवं ध्वजारोहण स्थलों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन और नागरिकों के बीच एक मैत्री फैंसी क्रिकेट मैच आयोजित करने तथा शाम को टाउन हॉल, लखीसराय में सांस्कृतिक संध्या आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, साइबर पुलिस उपाधीक्षक अजीत प्रताप सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।