​घर-घर पहुंचेगा सेवा और जनकल्याण का संदेश, लखीसराय में भाजपा की विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला

  • Post By Admin on Sep 06 2026
​घर-घर पहुंचेगा सेवा और जनकल्याण का संदेश, लखीसराय में भाजपा की विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला

लखीसराय : भारतीय जनता पार्टी द्वारा लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर कार्यकर्ताओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय, राज्य महिला आयोग की सदस्य पिंकी कुशवाहा, जिला प्रभारी संजय सिंह तथा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए राज्य महिला आयोग की सदस्य पिंकी कुशवाहा ने कहा कि मजबूत संगठन ही प्रभावी जनसेवा का आधार होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की कार्यपद्धति को पूरी निष्ठा से अपनाने और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय, संगठित और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय ने कार्यकर्ताओं को समय प्रबंधन और सोशल मीडिया के सकारात्मक व प्रभावी उपयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे देश में 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जाएगा। इस एक महीने के दौरान सेवा, समर्पण और जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित कर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।

जिला प्रभारी संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए अनुशासन और समर्पण सबसे जरूरी है। हर कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए केंद्र सरकार और संगठन के सेवा संदेश को घर-घर पहुंचाए। वहीं जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं से अभियान के सभी कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने और इसे हर बूथ तक ले जाने की अपील की।

इस कार्यशाला में भाजपा जिला महामंत्री सनोज साहू, प्रमोद कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष गौतम मंडल, संजय सिंह, जिला मंत्री हिमांशु पटेल, अभिषेक सिंह, मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष विकास आनंद, महिला मोर्चा अध्यक्ष आशा पासवान, युवा मोर्चा अध्यक्ष सोनू चंद्रवंशी तथा किसान मोर्चा अध्यक्ष अजय कुमार सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।