अरविंद कुमार भारती बने भारत स्वाभिमान लखीसराय के जिला प्रभारी, पटना में शीर्ष नेतृत्व ने सौंपी कमान
- Post By Admin on Sep 07 2026
लखीसराय : भारत स्वाभिमान न्यास, बिहार दक्षिण की ओर से बिहार विधान परिषद सभागार, पटना में राज्य स्तरीय जिला कार्यकारिणी सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। भारत स्वाभिमान न्यास बिहार दक्षिण के राज्य प्रभारी सुनील स्वाभिमानी की अध्यक्षता और हरिद्वार केंद्रीय कार्यालय के मुख्य केंद्रीय प्रभारी राकेश भारत के मुख्य आतिथ्य में संपन्न इस बैठक में लखीसराय जिला संगठन को लेकर बड़ा फैसला लिया गया।
सभागार में संगठन की मजबूती और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा के बाद राज्य कार्यकारिणी सदस्य सह आजीवन सदस्य अरविंद कुमार भारती को भारत स्वाभिमान न्यास लखीसराय का नया जिला प्रभारी नियुक्त करने की आधिकारिक घोषणा की गई। मुख्य केंद्रीय प्रभारी राकेश भारत की मौजूदगी में राज्य प्रभारी सुनील स्वाभिमानी द्वारा नाम की घोषणा होते ही समूचा सभागार तालियों से गूंज उठा। इस मौके पर शीर्ष नेतृत्व द्वारा अरविंद कुमार भारती को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया और जिले में संगठन विस्तार की नई जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक के दौरान बिहार दक्षिण क्षेत्र के सभी जिलों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र का वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसके बाद मुख्य केंद्रीय प्रभारी ने संगठन के विस्तार, सेवा कार्यों और अनुशासन को लेकर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले योग शिक्षकों और लखीसराय से पहुंचे जिला कार्यकारिणी के प्रमुख सदस्यों को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर लखीसराय जिले से पतंजलि किसान जिला प्रभारी आनंदी मंडल, किसान सह प्रभारी अनिल कुमार, जिला संवाद प्रभारी हरिदर्श उर्फ चुन्नू भाई, सहायक जिला संवाद प्रभारी धर्मेंद्र कुमार, युवा भारत प्रभारी विभीषण केवट, सोशल मीडिया प्रभारी मनीष कुमार, रंजीत कुमार, सूरज कुमार, हीरा कुमार और डॉ. मंजय प्रसाद कश्यप सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अरविंद कुमार भारती को कमान मिलने पर जिले के सामाजिक और प्रबुद्ध वर्ग में खुशी की लहर दौड़ गई है। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कुमार बृजेश, लायंस क्लब अध्यक्ष डॉ. प्रवीण कुमार सिन्हा, रोटरी क्लब सचिव रामजतन कुमार, डॉ. रामानुज, डॉ. कुमार अमित, संगठन महामंत्री प्रो. मनोरंजन कुमार, मुनेंद्र झा और डॉ. आर. लाल गुप्ता सहित सैकड़ों गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जिले में योग, आयुर्वेद, स्वदेशी और जन-स्वास्थ्य के अभियान को एक नई गति मिलेगी।