अंतर्राष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण
- Post By Admin on Sep 07 2026
लखीसराय : अंतर्राष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस के अवसर पर नया बाजार स्थित के.आर.के. मैदान में पर्यावरण भारती द्वारा फलदार पौधों का रोपण किया गया। पर्यावरण प्रहरी रोहित सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में आम के पांच पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक एवं अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने स्वच्छ पर्यावरण और वायु की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मानव जीवन को स्वस्थ बनाए रखने के लिए शुद्ध हवा पहली जरूरत है, जो केवल हरे-भरे पेड़ों से ही संभव है। पेड़ दिन के समय कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर प्राणवायु ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, जिससे धरती पर जीवन चक्र सुरक्षित रहता है।
श्री शाण्डिल्य ने बताया कि नीले आसमान और शुद्ध वातावरण के प्रति दुनिया को जागरूक करने के लिए 7 सितंबर 2020 को पहली बार अंतर्राष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस मनाया गया था। आज अंधाधुंध औद्योगिकीकरण और निजी वाहनों के बढ़ते उपयोग ने आबोहवा को जहरीला बना दिया है। वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए लोगों को निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करना चाहिए तथा कम दूरी के सफर के लिए साइकिल चलाने और पैदल चलने की आदत डालनी चाहिए।
पर्यावरणविदों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण नहीं किया गया, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा नहीं मिलेगी और पानी की बोतलों की तरह पीठ पर ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर चलना पड़ेगा। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपने आसपास कम से कम दस पौधे लगाने और अगले पांच वर्षों तक उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। इस पौधारोपण अभियान में रोहित सिंह, ब्रजेश विशाल, अविनाश कुमार, अनुज कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, अनिल कुमार और परशुराम सहित कई पर्यावरण प्रेमी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से शामिल रहे।