बड़हिया राहत शिविर पहुंचे प्रभारी सचिव, भोजन-पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा
- Post By Admin on Sep 07 2026
लखीसराय : जिले में बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव प्रशासनिक मदद पहुंचाने की मुहिम के तहत वरीय अधिकारियों की टीम लगातार राहत शिविरों का निरीक्षण कर रही है। इसी कड़ी में लखीसराय जिले के प्रभारी सचिव श्री कंवल तनुज ने 7 सितंबर को बड़हिया स्थित जगनानी धर्मशाला में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर का औचक निरीक्षण किया और वहां ठहरे विस्थापित परिवारों से मिलकर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानी।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने शिविर में रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित दवाओं की आपूर्ति, शुद्ध पेयजल, गुणवत्तापूर्ण भोजन और सुरक्षित आवासन की व्यवस्थाओं का गहन मुआयना किया। उन्होंने मौके पर मौजूद डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों की स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि शिविर में स्वच्छता व प्राथमिक चिकित्सा से जुड़ी किसी भी सुविधा में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
प्रभारी सचिव ने उपस्थित प्रशासनिक अमले को बाढ़ के बदलते हालात पर 24 घंटे पैनी नजर रखने और निचले इलाकों के प्रभावितों की मदद के लिए विशेष सतर्कता बरतने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, नगर परिषद बड़हिया के कार्यपालक पदाधिकारी श्री आशुतोष आनन्द चौधरी तथा जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक श्री नीरज कुमार सहित अन्य प्रशासनिक व तकनीकी पदाधिकारी मौजूद रहे।