बाढ़ के बीच टाल क्षेत्र पहुंचे विजय सिन्हा, फसल नुकसान पर किसानों को राहत का आश्वासन

  • Post By Admin on Sep 10 2026
बाढ़ के बीच टाल क्षेत्र पहुंचे विजय सिन्हा, फसल नुकसान पर किसानों को राहत का आश्वासन

लखीसराय : बिहार के कृषि मंत्री सह लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को बड़हिया प्रखंड के बाढ़ प्रभावित टाल क्षेत्र का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने एजनी घाट से महरामचक तक विभिन्न प्रभावित गांवों का भ्रमण किया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कृषि मंत्री ने एजनी घाट, भानपुर, नथनपुर, कोठवा, फदरपुर, पाली और महरामचक सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने जलस्तर और बाढ़ के प्रभाव की जानकारी लेने के साथ मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि नदियों के जलस्तर और बाढ़ की स्थिति पर प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है। कुछ इलाकों में पानी का दबाव कम हुआ है, जबकि कुछ स्थानों पर स्थिति अभी सामान्य नहीं हुई है। उन्होंने स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रखने को कहा।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक रसोई के माध्यम से लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रभावित परिवारों के बीच सूखा राहत सामग्री का वितरण भी जारी है। जलमग्न क्षेत्रों में सुरक्षित आवागमन और आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए नावों की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को आवश्यक दवाओं के साथ तैयार रखा गया है। कृषि मंत्री ने कहा कि नेपाल में आई अप्रत्याशित बाढ़ के कारण बने जल दबाव को देखते हुए बिहार सरकार पहले से सतर्क थी। पूर्व तैयारी और प्रशासनिक सजगता के कारण प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य समय पर शुरू किए जा सके हैं।

टाल क्षेत्र के किसानों से उन्होंने कहा कि बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। प्रभावित इलाकों में फसल क्षति का शीघ्र और पारदर्शी सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के आधार पर नियमानुसार पात्र किसानों को फसल क्षतिपूर्ति और राहत राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फसल क्षति का आकलन गंभीरता और पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि किसानों को सरकारी सहायता का लाभ समय पर मिल सके। निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष नरोत्तम कुमार, सोशल मीडिया संयोजक आलोक राज सहित स्थानीय प्रशासनिक पदाधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।