आलू सप्लाई रोकने पर बाबूलाल मरांडी का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से हस्तक्षेप का आग्रह
- Post By Admin on Nov 30 2024

रांची : झारखंड में आलू संकट गहराता जा रहा है। झारखंड बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में आलू की ट्रांसपोर्टिंग पर रोक के मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने आग्रह किया है कि मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बातचीत कर इस समस्या का समाधान करें।
मरांडी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि पश्चिम बंगाल सरकार ने झारखंड में आलू सप्लाई पर रोक लगाने का आदेश दिया है। इसके चलते बंगाल से आलू लेकर आ रहे सैकड़ों ट्रकों को सीमा से वापस लौटाया जा रहा है। इस फैसले ने झारखंड के बाजारों में आलू की भारी कमी और महंगाई को जन्म दिया है। सब्जी मंडियों में मात्र कुछ दिनों का स्टॉक बचा है, जिससे आलू की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और आम लोगों की रसोई से आलू गायब होने लगा है।
मरांडी ने कहा कि यह समस्या राज्यवासियों के लिए गंभीर बनती जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से निवेदन किया है कि इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर हल करते हुए झारखंड में आलू की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करें ताकि आम जनता को राहत मिल सके।