विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों ने ली नशामुक्ति की शपथ
- Post By Admin on May 29 2026
लखीसराय : विश्व तंबाकू निषेध दिवस सप्ताह के तहत रेड क्रॉस सोसाइटी एवं रोटरी क्लब लखीसराय के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय महिला विद्या मंदिर प्लस टू उच्च विद्यालय, लखीसराय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अंजू कुमारी ने की। विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह का आयोजन 24 मई से 31 मई तक किया जा रहा है, जिसका समापन 31 मई को होगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि शिशु रोग विशेषज्ञ एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के चार्टर सभापति डॉ. रामानुज प्रसाद सिंह, विशिष्ट अतिथि जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष सह रेड क्रॉस सोसाइटी लखीसराय के वाइस चेयरमैन अरविंद कुमार भारती, प्रधानाध्यापिका अंजू कुमारी तथा अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में डॉ. रामानुज प्रसाद सिंह ने तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोग खैनी, बीड़ी, सिगरेट, हुक्का, सुगंधित गुटका और ई-सिगरेट जैसे विभिन्न रूपों में तंबाकू का सेवन कर रहे हैं, जो अत्यंत घातक है। उन्होंने बताया कि तंबाकू न केवल सेवन करने वाले व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके आसपास रहने वाले लोगों को भी प्रभावित करता है। उन्होंने गर्भवती महिलाओं और गर्भ में पल रहे बच्चों पर धूम्रपान के दुष्प्रभावों की भी जानकारी दी। डॉ. सिंह ने बताया कि तंबाकू सेवन से माउथ कैंसर, फेफड़ा कैंसर, ब्रोंकोटाइटिस, लिवर संबंधी रोग, आंखों की रोशनी में कमी, घ्राण शक्ति कमजोर होना, कान की समस्याएं और विकलांगता जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। उन्होंने सभी से तंबाकू और उससे बने उत्पादों से दूर रहने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि अरविंद कुमार भारती ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी और रोटरी क्लब का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता फैलाना है। उन्होंने छात्रों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. रामानुज प्रसाद सिंह ने सभी छात्रों एवं शिक्षकों को तंबाकू का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे न तो तंबाकू का सेवन करेंगे और न ही दूसरों को इसके लिए प्रेरित करेंगे, बल्कि लोगों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे।
विद्यालय की संगीत शिक्षिका ज्योत्स्ना द्वारा “नशा न करना, बच के रहना, होगी बड़ी खराबी” गीत प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक कुमार गौरव, कंचन कुमारी, अनिल कुमार, रामनिवास वर्मा, नीलू कुमार सहित अन्य शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा। धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक अनिल कुमार ने किया।