राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर लखीसराय में चला जागरूकता अभियान, लोगों को बताए गए बचाव के उपाय

  • Post By Admin on May 16 2026
राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर लखीसराय में चला जागरूकता अभियान, लोगों को बताए गए बचाव के उपाय

लखीसराय: राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर शनिवार को सदर अस्पताल सहित जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को डेंगू के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई तथा साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश दिया गया।

अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार भारती ने बताया कि गर्मी के बाद बारिश के मौसम में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका रहती है। इसलिए लोगों को इस बीमारी के प्रति हमेशा सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर जिलेभर में जन-जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों में लोगों के बीच डेंगू से संबंधित जानकारी वाले पंपलेट भी वितरित किए गए, ताकि लोग बीमारी के कारण और बचाव के तरीकों को अच्छी तरह समझ सकें। उनका कहना था कि सही जानकारी ही डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

जिला वेक्टर जनित रोग पदाधिकारी डॉ अमित कुमार ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय डेंगू दिवस की थीम “सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से डेंगू नियंत्रण : जाँच करें, साफ करें और ढकें” रखी गई है। उन्होंने कहा कि डेंगू नियंत्रण में सामुदायिक जागरूकता और भागीदारी बेहद आवश्यक है।उन्होंने बताया कि डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर जमा साफ पानी में पनपता है और अधिकतर दिन के समय काटता है। इसलिए घर और आसपास जलजमाव नहीं होने देना चाहिए तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को सलाह दी गई कि घर के आसपास साफ-सफाई रखें, पानी जमा न होने दें, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें तथा बच्चों को फुल आस्तीन के कपड़े पहनाएं। साथ ही वाटर कूलर और नलों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील भी की गई।

सदर अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अस्पताल प्रबंधक नंद किशोर भारती, जिला वेक्टर जनित रोग सलाहकार नरेंद्र कुमार, वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी शालिनी कुमारी, मुंगेर जीएनएम स्कूल की छात्राएं एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।