आगामी सोमवारी को लेकर अशोक धाम में तैयारी तेज, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

  • Post By Admin on Aug 20 2026
आगामी सोमवारी को लेकर अशोक धाम में तैयारी तेज, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

लखीसराय: आगामी सोमवारी के अवसर पर अशोक धाम मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षित आवाजाही और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार और अपर समाहर्ता नीरज कुमार ने गुरुवार को अशोक धाम हॉल्ट एवं मंदिर जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टेशन से लेकर मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्टेशन से सटे बड़े पार्किंग क्षेत्र में पत्थर, ईंट और छड़ बिखरे पाए गए। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र की तत्काल साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया, ताकि प्लेटफार्म से उतरने के बाद श्रद्धालु पार्किंग क्षेत्र से होते हुए जिग-जैग प्वाइंट के माध्यम से व्यवस्थित तरीके से मंदिर की ओर जा सकें। वर्तमान में श्रद्धालुओं के लिए प्लेटफार्म से बाहर निकलने का एक संकरा रास्ता उपयोग में आ रहा है, जबकि नीचे का बड़ा पार्किंग क्षेत्र खाली पड़ा है। प्रशासन का प्रयास है कि उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग करते हुए श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित तरीके से मंदिर की ओर भेजा जाए।

दो दिनों में पूरा होगा बाउंड्री वॉल का काम

निरीक्षण के दौरान प्लेटफार्म पर निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल का कार्य अगले दो दिनों में पूरा करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा प्लेटफार्म पर बिखरे ईंट-पत्थर और अन्य निर्माण सामग्री को हटाने तथा यात्रियों के लिए लगाए गए बंद पेयजल नलों को तत्काल चालू कराने को कहा गया।

स्वास्थ्य शिविर और ALS एंबुलेंस की व्यवस्था

अशोक धाम मंदिर जाने वाले मार्ग में वास्तु विहार दृष्टि किरण बिल्डिंग के पास स्वास्थ्य शिविर, नियंत्रण कक्ष और एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) युक्त एंबुलेंस की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति, सीसीटीवी कैमरे तथा नियंत्रण केंद्र की स्थापना सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

बिजली व्यवस्था और ड्रॉप गेट की होगी जांच

जिला पदाधिकारी ने मार्ग में लगे सभी विद्युत पोलों की जांच कर आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश दिया। भीड़ नियंत्रण के लिए जरूरत वाले स्थानों पर अतिरिक्त ड्रॉप गेट लगाने को भी कहा गया है। जिला प्रशासन के अनुसार आगामी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पहले से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों के अलावा अतिरिक्त बल एवं अधिकारियों की भी तैनाती की जाएगी। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारू बनाए रखना और किसी भी प्रकार की विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या को रोकना है।

लगाए जाएंगे दिशा-सूचक बोर्ड

अशोक धाम हॉल्ट से मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग में आवश्यक स्थानों पर स्पष्ट साइनेज और डायरेक्शन बोर्ड लगाए जाएंगे। इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में आसानी होगी और भीड़ को निर्धारित मार्ग से व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा सकेगा। जिला प्रशासन ने बताया कि आगामी सोमवारी को लेकर सभी तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।