अशोक धाम में भीड़ प्रबंधन की तैयारी पूरी, स्टेशन से गर्भगृह तक कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था
- Post By Admin on Aug 22 2026
लखीसराय : आगामी सोमवार को अशोक धाम मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने विधि-व्यवस्था, यातायात, स्वास्थ्य और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में मंदिर परिसर में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
रेलवे के साथ समन्वय, अशोक धाम स्टेशन की व्यवस्थाओं की समीक्षा
मुख्य सचिव की पहल पर रेलवे और जिला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करने के प्रयासों के तहत किऊल स्टेशन से RAIL CIT एम. सत्यजीत ने अशोक धाम स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण किया। जिला प्रशासन की ओर से रेलवे को पार्किंग क्षेत्र में जिग-जैग व्यवस्था बनाने की अनुमति, पार्किंग की सफाई, प्लेटफॉर्म की निर्माणाधीन चहारदीवारी पूरी करने, पेयजल की व्यवस्था, स्टैगर्ड रेल प्लान और आरपीएफ की तैनाती समेत कई बिंदुओं पर पत्र भेजकर अनुरोध किया गया था। इन बिंदुओं पर रेलवे की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
भीड़ बढ़ने पर पोर्टेबल अरघा से जलार्पण की व्यवस्था
मंदिर परिसर के अंदर श्रद्धालुओं की संख्या अत्यधिक बढ़ने की स्थिति में पोर्टेबल अरघा के माध्यम से जलार्पण की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। इस व्यवस्था को आवश्यकता के अनुसार लगाया और हटाया जा सकेगा।
दृष्टि किरण विहार में वॉच टावर स्थापित करने, एंबुलेंस और स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था करने तथा इसके सामने जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इन व्यवस्थाओं पर कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
ड्रोन से होगी निगरानी, बढ़ेंगे ड्रॉप गेट
प्रशासन की ओर से स्टेशन से खेतों की ओर उतरकर बैरिकेडिंग के बीच प्रवेश करने के प्रयासों पर विशेष निगरानी रखने का निर्णय लिया गया है। स्टेशन से गर्भगृह तक श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने की व्यवस्था की जा रही है और इस मार्ग को भी मजबूत किया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत दो ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा ड्रॉप गेट की संख्या बढ़ाई जाएगी। अतिरिक्त पुलिस बल, मजिस्ट्रेट, स्वास्थ्य शिविर, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और एंबुलेंस की व्यवस्था करने का भी निर्णय लिया गया है।
प्रमुख घाटों और धार्मिक स्थलों पर भी एंबुलेंस
श्रद्धालुओं की सुविधा और आपात स्थिति से निपटने के लिए श्रृंगी ऋषि धाम, रामेश्वरनाथ जी, जलप्पा स्थान और बड़हिया कॉलेज घाट पर भी एंबुलेंस की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने और सोमवार को संभावित भीड़ के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।