सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा-2026 के लिए आवेदन शुरू, सरकार कराएगी निःशुल्क दर्शन
- Post By Admin on Jul 11 2026
लखीसराय : बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से 20 से 26 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाली सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस यात्रा के तहत बिहार के विभिन्न जिलों से चयनित श्रद्धालुओं को विशेष रेलगाड़ी से पटना से सोमनाथ ले जाया जाएगा। यात्रा के दौरान आवागमन, ठहरने और भोजन की संपूर्ण व्यवस्था राज्य सरकार की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, लखीसराय जिले के इच्छुक नागरिक, जो विभाग द्वारा निर्धारित पात्रता एवं श्रेणियों के अंतर्गत आते हैं, वे ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन जिले की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकता है, जबकि ऑफलाइन आवेदन जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, लखीसराय में जमा किए जा सकते हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि 13 जुलाई 2026 को अपराह्न 5 बजे तक निर्धारित की गई है। जिला प्रशासन ने पात्र श्रद्धालुओं से समय सीमा के भीतर आवेदन कर इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है।