‘आपदा मित्र’ प्रशिक्षण के लिए आवेदन शुरू, मुफ्त ट्रेनिंग के साथ मिलेगा सरकारी प्रमाण-पत्र
- Post By Admin on Jul 11 2026
लखीसराय :आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के इच्छुक युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। बिहार राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला लखीसराय तथा बिहार राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम-2026’ के लिए जिले के योग्य युवक-युवतियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 13 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।
जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) मृत्युंजय कुमार ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को 16 से 22 जुलाई तक पटना के दानापुर स्थित पूर्व मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स प्रशिक्षण केंद्र में सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियां पात्र होंगे। सक्रिय स्काउट्स-गाइड्स, रोवर-रेंजर, प्रथम सोपान उत्तीर्ण अभ्यर्थियों एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवकों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बाढ़ एवं जल बचाव, लाइव रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), सीपीआर, अग्नि सुरक्षा, स्ट्रेचर निर्माण, आपातकालीन चिकित्सा, भीड़ प्रबंधन, सामुदायिक नेतृत्व तथा आपदा संचार प्रणाली सहित आपदा प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा। प्रतिभागियों को यात्रा भत्ता, आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा सभी प्रशिक्षुओं का जीवन बीमा कराया जाएगा। सफल प्रतिभागियों को वाटरप्रूफ लाइफ जैकेट, हाई-बीम टॉर्च, सुरक्षा हेलमेट, रिफ्लेक्टिव सेफ्टी जैकेट और प्राथमिक चिकित्सा किट से युक्त आपदा सुरक्षा किट प्रदान की जाएगी। साथ ही गृह मंत्रालय, भारत सरकार एवं बिहार राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से संयुक्त रूप से हस्ताक्षरित आधिकारिक ‘आपदा मित्र’ प्रमाण-पत्र भी दिया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
आवेदन एवं पंजीकरण के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय परिसर स्थित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स कार्यालय, लखीसराय में संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) मृत्युंजय कुमार के मोबाइल नंबर 7667784615 पर संपर्क किया जा सकता है। मृत्युंजय कुमार ने बताया कि अब तक करीब 80 प्रतिशत सीटों पर पंजीकरण पूरा हो चुका है, जबकि केवल 20 प्रतिशत सीटें शेष हैं। उन्होंने कहा कि पटना मुख्यालय के निर्देशानुसार ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर पंजीकरण किया जा रहा है। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थी अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना शीघ्र आवेदन कर अपना स्थान सुरक्षित कर लें। प्रशासन ने जिले के युवाओं से इस प्रशिक्षण का लाभ उठाकर आपदा प्रबंधन का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने और समाज व राष्ट्र सेवा में सक्रिय योगदान देने की अपील की है।