संगीत के सुरों से सजी शाम : शारदा सिन्हा की स्मृति में हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम

  • Post By Admin on Nov 10 2025
संगीत के सुरों से सजी शाम : शारदा सिन्हा की स्मृति में हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम

मुजफ्फरपुर : जिले के भगवानपुर स्थित सपना राज कला संगम संगीत संस्थान में प्रसिद्ध लोकगायिका शारदा सिन्हा की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर एक भावपूर्ण संगीत संध्या का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन शहर के वरीष्ठ साहित्यकार आचार्य चन्द्रकिशोर पराशर, डॉ. उषा श्रीवास्तव, प्रमोद नारायण मिश्र एवं संस्था की अध्यक्षा सपना राज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

संध्या की शुरुआत त्रिपुरारी ठाकुर द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद रूपा सिन्हा ने पारंपरिक छठ गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्ति और लोकधुनों से भर दिया।

इसके बाद संस्था की अध्यक्षा सपना राज ने अपने मधुर स्वर में “जगदम्बा घर में दियरा बार आईली हे” गीत से श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का समापन लोकधुन “अचके में आईल कहार” के साथ किया गया, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम में साहित्यकार मनोज कुमार शर्मा ने शारदा जी के गीतों की संगीतात्मक और साहित्यिक समीक्षा प्रस्तुत करते हुए उनकी लोकसंगीत में अद्वितीय भूमिका पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर संस्थान के कई प्रतिभाशाली बच्चों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन शिवम सिंह ने प्रभावशाली ढंग से किया।
अंत में उपस्थित गणमान्य नागरिकों और संगीत प्रेमियों ने शारदा सिन्हा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।