कड़ी सुरक्षा के बीच 88 पैक्स के 275 मतदान केंद्रों पर हुआ स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान

  • Post By Admin on Nov 30 2024
कड़ी सुरक्षा के बीच 88 पैक्स के 275 मतदान केंद्रों पर हुआ स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान

मुजफ्फरपुर : तीसरे चरण के पैक्स चुनाव में जिले के मरवन, सरैया, पारू और कुढ़नी प्रखंडों में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। सभी मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 56% मतदान दर्ज किया गया। मतदान के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया की कड़ी निगरानी की।

मतदान प्रतिशत मरवन में 59%, सरैया में 53%, पारू में 56% और कुढ़नी में 57% रहा। मतदान के बाद अब तीसरे चरण के मतों की गिनती कल, 30 नवंबर, शनिवार को सुबह 8 बजे से प्रखंड मुख्यालयों में शुरू होगी। इस दौरान भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्वच्छ, निष्पक्ष और पारदर्शी मतगणना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मतगणना स्थल पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। जिनमें अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित करना, शस्त्र और घातक हथियारों की रोकथाम और शांतिपूर्ण मतगणना सुनिश्चित करना शामिल है। जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को सक्रिय रूप से काम करने और मतगणना के दौरान पूरी तरह से अनुशासन बनाए रखने का आदेश दिया है।