लू और जल संकट के बीच प्रशासन की पहल, आदिवासी गांवों में शुरू हुई पेयजल व्यवस्था

  • Post By Admin on May 28 2026
लू और जल संकट के बीच प्रशासन की पहल, आदिवासी गांवों में शुरू हुई पेयजल व्यवस्था

लखीसराय : जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार ने गुरुवार को सूर्यगढ़ा प्रखंड के अनुसूचित जनजाति बहुल गांव टाली बिशनपुर एवं टालिकोड़ासी का दौरा कर “हर घर नल जल योजना” के तहत कराए गए बोरिंग कार्य एवं पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने पर खुशी जताई और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

बताया गया कि 02 मई 2026 को जनगणना कार्य के शुभारंभ के दौरान जिला पदाधिकारी ने इन गांवों का भ्रमण किया था। भीषण गर्मी और लू को देखते हुए ग्रामीणों ने पेयजल संकट की समस्या रखी थी, जिसके बाद डीएम ने पीएचईडी को 30 मई से पूर्व पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर पीएचईडी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांवों में बोरिंग कर नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि अब उन्हें पानी की समस्या से काफी राहत मिली है।

डीएम के गांव पहुंचने पर महिलाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। इस अवसर पर गांव की बच्चियों फूल कुमारी एवं ममता कुमारी ने संथाली भाषा में स्वागत गीत प्रस्तुत किया। जिला पदाधिकारी ने करीब डेढ़ घंटे तक गांव में रहकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीण महिलाओं ने पेयजल समस्या के समाधान के लिए जिला पदाधिकारी का आभार जताया। वहीं डीएम ने बच्चों के बीच चॉकलेट वितरित कर अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण समेत अन्य समस्याओं की भी जानकारी दी, जिस पर जिला पदाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद डीएम एवं अन्य अधिकारियों ने कजरा स्थित सोलर पावर प्लांट का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।