अंबेडकर जयंती समारोह : छात्रों ने संविधान और शिक्षा पर रखे विचार, विजेताओं का सम्मान

  • Post By Admin on Apr 16 2026
अंबेडकर जयंती समारोह : छात्रों ने संविधान और शिक्षा पर रखे विचार, विजेताओं का सम्मान

मुजफ्फरपुर : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत “मेरा युवा भारत” के बैनर तले स्थानीय अंबेडकर भवन परिसर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संयोजक राजा कुमार ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रहलादपुर पंचायत के मुखिया उदय चौधरी के संबोधन से हुई। उन्होंने डॉ. अंबेडकर के समाज और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों से प्रेरणा लेने की अपील की।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता परमानन्द पाठक ने शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा प्राप्त करना ही सच्ची प्रगति का मार्ग है, और डॉ. अंबेडकर इसका सर्वोत्तम उदाहरण हैं। वहीं “विकल्प” के राज्य सचिव, शिक्षक एवं रंगकर्मी बैजू कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक सशक्त और जिम्मेदार नागरिक बनना होना चाहिए, जो समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सके।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के बीच “डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन संघर्ष और उपलब्धियाँ” विषय पर निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक अपने विचार प्रस्तुत किए और संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर डॉ. अंबेडकर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

भाषण प्रतियोगिता में रजनी कुमारी ने प्रथम स्थान, छोटू कुमार ने द्वितीय तथा सोनाली कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में रजनी कुमारी प्रथम, परमजीत शर्मा द्वितीय तथा छोटू कुमार तृतीय स्थान पर रहे।

विजेता प्रतिभागियों को मुखिया उदय चौधरी द्वारा मेडल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रामजी शर्मा, कठपुतली कलाकार सुनील कुमार, सोनू सरकार, शिक्षक केदार पासवान, विपिन कुमार, कन्हैया कुमार, हिमांशु राज, सोनू कुमार, आदित्य राज, सन्नी कुमार, सुजीत कुमार एवं अमित कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।