लखीसराय में राहत शिविरों की जमीनी हकीकत जानने पहुंचे कृषि मंत्री, अधिकारियों को त्वरित सहायता के निर्देश

  • Post By Admin on Sep 08 2026
लखीसराय में राहत शिविरों की जमीनी हकीकत जानने पहुंचे कृषि मंत्री, अधिकारियों को त्वरित सहायता के निर्देश

लखीसराय : बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह स्थानीय विधायक श्री विजय कुमार सिन्हा ने बड़हिया क्षेत्र के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों और राहत शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया। मंत्री ने जगनानी धर्मशाला एवं लोहिया चौक हाई स्कूल स्थित राहत शिविरों में पहुँचकर विस्थापित परिवारों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया। इसके पश्चात उन्होंने खूँटहा डीह, खूँटहा चेतन टोला, जैतपुर एवं लाल दियारा क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी हालात का मुआयना किया। अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए श्री सिन्हा ने कहा कि राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रत्येक पीड़ित तक मूलभूत सुविधाएं पहुँचाए और कार्यों की नियमित निगरानी करे। उन्होंने दोहराया कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी मजबूती से जनता के साथ खड़ी है।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, उपाध्यक्ष नरोत्तम कुमार, जिला मंत्री अमित कुमार, अभिषेक सिंह, मंडल अध्यक्ष अमित कुमार, शंकर सिंह, मंटू नटराज, सिकन्दर कुमार सहित कई गणमान्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।