बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे कृषि मंत्री विजय सिन्हा, राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश
- Post By Admin on Sep 04 2026
लखीसराय : बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। पटना से लखीसराय आने के दौरान उन्होंने बड़हिया, खूँटहा समेत विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं जरूरतों की जानकारी ली।
खूँटहा में जलस्तर बढ़ने से प्रभावित जनजीवन का मंत्री ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर बाढ़ की स्थिति और उनके सामने आ रही परेशानियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं पदाधिकारियों को प्रभावित लोगों तक आवश्यक राहत सामग्री और जरूरी सुविधाएं तत्काल पहुंचाने का निर्देश दिया।
मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को क्षेत्र में जलस्तर और बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा। उन्होंने नियमित रूप से प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करने तथा बाढ़ प्रभावित परिवारों की जरूरत के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, भाजपा के वरीय कार्यकर्ता राम शोभा सिंह, राजीव कुमार समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।