लखीसराय में गैस आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी रोकने को नए नियम लागू

  • Post By Admin on Apr 26 2026
लखीसराय में गैस आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी रोकने को नए नियम लागू

लखीसराय : मध्य पूर्व में जारी तनाव के कारण एलपीजी आपूर्ति पर संभावित असर को देखते हुए लखीसराय जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। गैस की सुचारू उपलब्धता बनाए रखने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी के निर्देशानुसार अब घरेलू उपभोक्ता अपने पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिनों बाद ही नई रिफिल बुक करा सकेंगे। इसका उद्देश्य गैस की जमाखोरी रोकना और सभी उपभोक्ताओं तक समान रूप से आपूर्ति सुनिश्चित करना है। साथ ही बुकिंग के बाद 2 से 3 कार्य दिवसों के भीतर सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

कालाबाजारी और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रत्येक प्रखंड में विशेष ‘धावा दल’ का गठन किया गया है। इस टीम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और संबंधित थाना प्रभारी शामिल हैं, जो औचक निरीक्षण कर अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करेंगे।

आम लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए समाहर्ता कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां 06346-232952 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

इसके अलावा, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा बढ़हिया और लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र में पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिन घरों में पीएनजी कनेक्शन है, उन्हें एलपीजी सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। वहीं, बाहर से आने वाले प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलो वाले फ्री-ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की व्यवस्था की गई है।

प्रशासन ने बताया कि जिले की 16 गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जिससे लोगों को घबराने या अनावश्यक रूप से अधिक बुकिंग करने की जरूरत नहीं है।