अग्निकांड से बचाव के लिए प्रशासन अलर्ट, गांव-गांव पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम

  • Post By Admin on May 26 2026
अग्निकांड से बचाव के लिए प्रशासन अलर्ट, गांव-गांव पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम

लखीसराय : अग्निशमन सेवा लखीसराय द्वारा सोमवार को जिले में विशेष अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव के निर्देशन एवं अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी विनीता लता के नेतृत्व में जिले के 18 विभिन्न स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों और जीविका दीदियों के साथ बैठक कर अग्नि सुरक्षा को लेकर आवश्यक जानकारी दी गई। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों के बीच अग्नि सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित कर लोगों को आग लगने की घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए। कार्यक्रम के दौरान मॉक ड्रिल के माध्यम से आम लोगों को अग्निशमन यंत्र के उपयोग की विधि समझाई गई। साथ ही गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति, बिजली के शॉर्ट सर्किट से बचाव तथा आग लगने पर तत्काल अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और छोटी लापरवाही से होने वाली अग्निकांड की घटनाओं से बचने की अपील की। विभाग की ओर से कहा गया कि इस तरह के जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि आमजन में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।