बकरीद को लेकर लखीसराय में प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च
- Post By Admin on May 27 2026
लखीसराय : आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। बुधवार को जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार के संयुक्त निर्देशन में शहर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च जिला मुख्यालय से शुरू होकर शहीद द्वार, चितरंजन रोड, प्रभात चौक, बड़ी दरगाह, छोटी दरगाह होते हुए विद्यापीठ चौक तक निकाला गया। इस दौरान पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का संदेश दिया गया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और असामाजिक तत्वों में कानून का भय कायम करना है, ताकि पर्व के दौरान जिले में शांति एवं भाईचारा बना रहे। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें आपसी सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। साथ ही अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की बात कही गई।
जिला प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्ती और निगरानी की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी। जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। फ्लैग मार्च में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री शिवम कुमार समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी शामिल रहे।