राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर एबीवीपी का रक्तदान महाअभियान, युवाओं ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी
- Post By Admin on Jul 10 2026
लखीसराय : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर एबीवीपी की लखीसराय इकाई द्वारा केएसएस कॉलेज परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में परिषद के कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक दायित्व का संदेश दिया। रक्तदान शिविर का उद्घाटन केएसएस कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य प्रो. अमित कुमार, एबीवीपी के पूर्व कार्यकर्ता एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स के कार्यकारी अध्यक्ष विकास कुमार तथा केएसएस कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. अरविंद कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर एबीवीपी के विभाग संयोजक मनीष यादववंशी ने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सर्वोच्च सेवा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद अपने स्थापना काल से ही छात्र हित के साथ-साथ राष्ट्रहित और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही है। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर आयोजित यह रक्तदान शिविर युवाओं में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को और सशक्त करेगा।
जिला संयोजक साहिल प्रकाश ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद का उद्देश्य केवल छात्र समस्याओं का समाधान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भाव का विकास करना भी है। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने भी रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
शिविर में बड़ी संख्या में परिषद के कार्यकर्ता, विद्यार्थी एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। रक्तदान करने वालों में लव, धर्मपाल, विश्वजीत, मनीष, सौरभ, अभिनाश, अवनीश, अनुज, मनीष राज, अंकित, सतीश, अंजली, भारती, रोहिणी, रोहित सहित अन्य युवाओं ने रक्तदान कर मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।