अभिनन्दन लोक कला सम्मान 2026 से बिहार बाल भवन किलकारी के प्रशिक्षक सम्मानित
- Post By Admin on Sep 04 2026
मुजफ्फरपुर: बिहार बाल भवन (किलकारी), चर्च रोड स्थित जिला स्कूल छात्रावास परिसर में शुक्रवार को अभिनन्दन मुजफ्फरपुर की ओर से अभिनन्दन लोक उत्सव सम्मान 2026 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार बाल भवन किलकारी के प्रशिक्षकों एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाले जयचंद्र कुमार को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल भेंट कर सम्मानित किया गया।
अभिनन्दन संस्थान के सचिव प्रभात कुमार ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बिहार बाल भवन किलकारी के बच्चों में विभिन्न गतिविधियों के साथ-साथ लोक कला एवं संस्कृति के प्रति गहरा लगाव देखने को मिलता है। यही कारण है कि यहां के बच्चे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न मंचों पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सम्मान प्राप्त कर रहे हैं। कार्यक्रम के संयोजक एवं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने कहा कि किसी भी देश का विकास उसकी संस्कृति से होता है और संस्कृति को मजबूती लोक संस्कृति से मिलती है। उन्होंने कहा कि एक समय में कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में देश बनारस और कोलकाता की ओर देखता था तथा बनारस और कोलकाता मुजफ्फरपुर की ओर देखते थे। अभिनन्दन संस्थान की ओर से आयोजित लोक उत्सव 2026 के माध्यम से बच्चों और अभिभावकों को लोक कला एवं संस्कृति को बेहतर तरीके से जानने और समझने का अवसर मिला है।
बिहार बाल भवन किलकारी की प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक पूनम कुमारी ने बताया कि बाल भवन में विषय विशेषज्ञों के माध्यम से बच्चों को विभिन्न लोक कलाओं का प्रशिक्षण दिया जाता है। यहां कला, संस्कृति, विज्ञान एवं खेल से संबंधित अनेक गतिविधियों का संचालन किया जाता है। उन्होंने बताया कि 8 से 16 वर्ष आयुवर्ग के बच्चे बिहार बाल भवन में नामांकन कराकर नि:शुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर बिहार बाल भवन किलकारी के प्रशिक्षक कायनात आफरीन, सीमा कुमारी, गौरीशंकर मिश्रा, अरुनीमा, अमन राज, सोनू कुमार, सौरभ कुमार, सुजाता कुमारी, रूपा पाठक, राजू सहनी, आशीष राज, बब्लू कुमार, राजीव कुमार, अर्पिता कुमारी, कृष्णनंदन कुमार एवं प्रियंका चौधरी तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में जयचंद्र कुमार को अभिनन्दन लोक कला सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक पूनम कुमारी, अभिनन्दन संस्थान के सचिव प्रभात कुमार एवं कार्यक्रम संयोजक कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने सभी सम्मानित प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान किए। कार्यक्रम के अंत में सीआरपी (कमिश्नरी रिसोर्स पर्सन) पूर्णिमा बाला ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम के माध्यम से लोक कला एवं संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन तथा नई पीढ़ी को इससे जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया गया। आयोजकों ने कहा कि बच्चों में कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करने से लोक परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।