लखीसराय में लगाया गया एक पेड़ बेटी के नाम, बेटी और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

  • Post By Admin on Jun 05 2026
लखीसराय में लगाया गया एक पेड़ बेटी के नाम, बेटी और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

लखीसराय : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम तथा संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन, लखीसराय के संयुक्त सहयोग से महिला सशक्तिकरण कार्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन एवं हरित भविष्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी मिशन शक्ति श्रीमती बंदना पाण्डेय ने ‘एक पेड़ बेटी के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बेटियों का बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के लिए उनका पालन-पोषण और मार्गदर्शन किया जाता है, उसी प्रकार पर्यावरण को सुरक्षित और समृद्ध बनाने के लिए पौधारोपण एवं वृक्षों का संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान, प्लास्टिक प्रदूषण और जल संकट जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से देशभर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से जिम्मेदार नागरिक के रूप में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने तथा जल संरक्षण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा, जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार, आवासीय अधीक्षिका निभा कुमारी, डाटा एंट्री ऑपरेटर ब्यूटी कुमारी, एमटीएस गौतम रविदास, नवीन्द्र दास सहित कई अन्य कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ हुआ।