बाढ़ से बचाव को लेकर तीन दिवसीय मॉक ड्रिल शुरू, आपदा मित्रों को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण

  • Post By Admin on Jun 04 2026
बाढ़ से बचाव को लेकर तीन दिवसीय मॉक ड्रिल शुरू, आपदा मित्रों को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण

लखीसराय : संभावित बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी के तहत लखीसराय जिला प्रशासन द्वारा 4 जून से 6 जून 2026 तक तीन दिवसीय मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में आपदा प्रबंधन शाखा, समाहरणालय लखीसराय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीआरएफ टीम मुंगेर द्वारा जिले के आपदा मित्रों, गोताखोरों एवं स्थानीय युवकों को बाढ़ प्रभावित परिस्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन पंचायत सरकार भवन, बालगुदर में किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वज्रपात (ठनका), डूबने की घटनाओं, बाढ़ तथा अन्य आपदाओं से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी और राहत कार्यों की तकनीकों से भी अवगत कराया जा रहा है।

एसडीआरएफ के प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि आपात स्थिति में लोगों की जान बचाने में सहायता मिल सके। इसके अलावा बाढ़ के दौरान क्या करें और क्या न करें, इससे संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी साझा किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत करना तथा आपदा की स्थिति में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, जिससे जनहानि और नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।