89 वर्षीय पालो देवी की मतदान के प्रति उत्सुकता, बूथ व्यवस्था पर उठे सवाल
- Post By Admin on Nov 13 2024

रांची : बुढ़मु प्रखंड के मुन्ना बूथ संख्या 88 पर आज एक दिल छूने वाली घटना हुई, जब 89 वर्षीय वृद्धा महिला पालो देवी ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। उम्र के इस अंतिम पड़ाव पर जहां अधिकांश लोग आराम की तलाश करते हैंl वहीं पालो देवी की मतदान के प्रति उत्सुकता और खुशी साफ तौर पर देखी जा सकती थी। उनका उत्साह यह दर्शाता है कि लोकतंत्र में उनका विश्वास और मतदान की महत्ता आज भी उनके दिल में जीवित है।
हालांकि, इस सकारात्मक पहलू के बीच एक और पक्ष भी सामने आयाl जो बूथ व्यवस्था की खामियों को उजागर करता है। बूथ में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पालो देवी और अन्य विकलांग मतदाताओं के लिए बूथ पर कोई विशेष व्यवस्था नहीं की गई थी। न तो बूथ में बिजली की उचित व्यवस्था थी, न ही पानी की कोई सुविधा उपलब्ध थी। सबसे बड़ी चिंता की बात यह थी कि विकलांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने-ले जाने के लिए ट्राई साइकिल जैसी साधारण व्यवस्था भी नहीं की गई थी।
इस घटना ने चुनावी अधिकारियों की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। यदि विकलांग और वृद्ध मतदाताओं के लिए सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, तो यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया की समावेशिता पर एक बड़ा प्रश्नचिन्ह है।
फिलहाल, पालो देवी की तरह कई अन्य मतदाता भी अपनी वोट देने की ललक के साथ बूथ पर पहुंचे, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि चुनाव आयोग इस मुद्दे पर जल्द ही ध्यान देगा और बूथ व्यवस्था में सुधार लाने की कोशिश करेगा।