लखीसराय में वर्मी कंपोस्ट निर्माण पर 8 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत
- Post By Admin on Dec 05 2024

लखीसराय : जिले के कृषि कार्यालय के सभागार में आत्मा के सौजन्य से बुधवार को वर्मी कंपोस्ट निर्माण विषय पर आठ दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कौशल विकास योजना के तहत “वर्मी कंपोस्ट प्रोड्यूसर” विषय पर किया जा रहा है।
इस उद्घाटन सत्र में वरिय वैज्ञानिक सह प्रधान कृषि विज्ञान केंद्र हलसी, डॉ. शम्भू कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी सुबोध कुमार सुधांशु, आत्मा के उप परियोजना निदेशक प्रीति कुमारी, पौध संरक्षण विभाग के सहायक निदेशक रीमा कुमारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक एवं वर्मी कंपोस्ट प्रशिक्षक राजीव कुमार राय और प्रशिक्षक चन्द्रदेव मुर्मू ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस प्रशिक्षण शिविर में जिले भर के 40 किसानों ने भाग लिया। जो वर्मी कंपोस्ट बनाने और इसके कृषि उपयोग से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। किसानों को यह प्रशिक्षण वर्मी कंपोस्ट के निर्माण, इसके लाभ और उपयोग के विभिन्न पहलुओं पर दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को जैविक खेती की ओर प्रेरित करना और उनका उत्पादन बढ़ाने के लिए पर्यावरणीय दृष्टिकोण से सुरक्षित उपायों की जानकारी देना है।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को वर्मी कंपोस्ट के बनाने की प्रक्रिया, उसमें उपयोग होने वाली सामग्री, जैविक उर्वरकों के रूप में इसके फायदे और खेतों में इसके उपयोग के तरीकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा प्रगति शील कृषक भी इस कार्यक्रम में शामिल हैं। जो न केवल अपने अनुभव साझा कर रहे हैं, बल्कि वर्मी कंपोस्ट के उपयोग से होने वाले फायदों पर भी चर्चा कर रहे हैं।
आत्मा के माध्यम से इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों की कृषि पद्धतियों में सुधार लाने और उन्हें अधिक लाभकारी बनाने के लिए आयोजित किए जा रहे हैं। जिससे स्थानीय कृषि को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।