डीबीटी के जरिए लखीसराय के 1.51 लाख पेंशनधारियों के खातों में पहुंचे 14.51 करोड़ रूपए
- Post By Admin on Jul 10 2026
लखीसराय : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन राशि हस्तांतरित की। राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण लखीसराय समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में देखा गया। जिले में कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों और पेंशनधारियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन एवं डीबीटी कार्यक्रम का अवलोकन किया।
सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग धीरज कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार की इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के तहत लाभुकों को मई और जून माह की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी गई है। इसके अलावा राज्य सरकार की मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना एवं बिहार दिव्यांग पेंशन योजना के लाभार्थियों को जून माह की पेंशन राशि भी सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की गई। जिले में कुल 1 लाख 51 हजार पेंशनधारियों के खातों में 14 करोड़ 51 लाख 51 हजार 500 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि डीबीटी व्यवस्था से पेंशन वितरण में पारदर्शिता और समयबद्धता आई है तथा लाभार्थियों को बिना किसी बिचौलिये के सीधे उनके बैंक खातों में राशि प्राप्त हो रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पम्मी रानी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग धीरज कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में पेंशनधारी उपस्थित रहे।