विमेंस वुशु प्रतियोगिता 2025 में 250 से अधिक बालिका खिलाड़ियों ने लिया भाग
- Post By Admin on Feb 23 2025

मुजफ्फरपुर : खेलो इंडिया बिहार राज्य विमेंस वुशु प्रतियोगिता 2025 का सफलतापूर्वक आयोजन जिले के सिकंदरपुर खेल भवन सह व्यायामशाला में किया गया। इस आयोजन का उद्घाटन उप महापौर डॉक्टर मोनालिसा ने किया। जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला खेल पदाधिकारी राजेंद्र कुमार, बिहार वूशु संघ की महासचिव सुमन मिश्रा, विशिष्ट अतिथि डॉक्टर अमृता श्रीवास्तव, बिहार वूशु संघ के सीनियर उपाध्यक्ष मुकुटमणि, रामेश्वर कॉलेज के प्रधानाचार्य ब्रम्हचारी व्यास नंदन शास्त्री और सदर अस्पताल के डॉक्टर नवीन कुमार ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम की शुरुआत सभी मुख्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करने के साथ हुई, जिससे आयोजन का आधिकारिक रूप से शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर सभी अतिथियों का स्वागत बुके और स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया गया।
प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से 250 से अधिक बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया। यह प्रतियोगिता खेल मंत्रालय भारत सरकार और भारतीय खेल प्राधिकरण के तत्वाधान में आयोजित की गई। जिसका मुख्य उद्देश्य बालिका खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाना और उन्हें प्रेरित करना है।
इस प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में राजेश ठाकुर, आलोक कुमार, संजीव कुमार, वरुण कुमार, विनय कुमार, दिलीप कुमार, सनी कुमार, मंजय कुमार, शत्रुघन कुमार आदि उपस्थित रहे, जिन्होंने अपनी निगरानी में प्रतियोगिता का आयोजन किया और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।
इस आयोजन ने यह बताया कि खेलों में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना और उन्हें खेल के क्षेत्र में समान अवसर प्रदान करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। वुशु जैसे खेल में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने यह साबित किया है कि वे किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं। इस तरह के आयोजनों से बच्चों और युवाओं में खेल के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ता है।