पेट्रोल बचाओ अभियान केवल दिखावा, जनता सब समझ रही है : प्रशांत किशोर
- Post By Admin on May 24 2026
मुजफ्फरपुर : जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बिना नाम लिए बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह सफाई अभियान केवल दिखावा बनकर रह गया, उसी तरह ‘पेट्रोल बचाओ’ अभियान भी दिखावटी साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में एक मंत्री ट्रेन से यात्रा कर गए, लेकिन उन्हें लेने के लिए दस से अधिक गाड़ियां भेज दी गईं। यह पेट्रोल बचाओ है या पेट्रोल खपाओ, यह जनता खुद समझ रही है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि सरकार एक तरफ आम लोगों को बचत और सादगी का संदेश दे रही है, वहीं दूसरी तरफ सत्ता से जुड़े लोग स्वयं उसका पालन करते नजर नहीं आते। उन्होंने कहा कि जनता अब ऐसी बातों को गंभीरता से देख रही है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा। उन्होंने बताया कि उम्मीदवार को लेकर पार्टी के भीतर विचार-विमर्श चल रहा है और जल्द ही अंतिम निर्णय की घोषणा की जाएगी। वहीं ‘काक्रोच जनता पार्टी’ को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि इससे कितने लोग जुड़े हैं, यह महत्वपूर्ण नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि समाज में गरीबी, बदहाली और परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को इसे गंभीरता से लेना चाहिए, अन्यथा यह आने वाले समय में खतरे की घंटी साबित हो सकता है।