प्रशांत किशोर को मिली नई जिम्मेदारी, विधानसभा की पर्यटन समिति में हुए शामिल

  • Post By Admin on Sep 03 2026
प्रशांत किशोर को मिली नई जिम्मेदारी, विधानसभा की पर्यटन समिति में हुए शामिल

पटना : जन सुराज पार्टी के सूत्रधार और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर को बिहार विधानसभा की पर्यटन उद्योग संबंधी समिति में सदस्य बनाया गया है। विधानसभा सचिवालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। उनका कार्यकाल चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की शेष अवधि तक रहेगा। प्रशांत किशोर के शामिल होने के बाद समिति में सदस्यों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।

पर्यटन उद्योग संबंधी समिति की अध्यक्षता जदयू विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह कर रहे हैं। अब प्रशांत किशोर भी समिति के अन्य सदस्यों के साथ राज्य में पर्यटन से जुड़े मामलों, योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। समिति में सभापति मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह के अलावा सुनील कुमार पिंटू, अनिल सिंह, वीरेंद्र कुमार, संजय सिंह, वशिष्ठ सिंह, रामानंद मंडल, बबलू कुमार, गौतम कृष्ण और प्रशांत किशोर सदस्य हैं।

बिहार विधानसभा की यह समिति राज्य के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा करती है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से संचालित योजनाओं और उनके क्रियान्वयन पर भी समिति नजर रखती है। इसके अलावा पर्यटन उद्योग तथा संबंधित विभागों के कामकाज की समीक्षा कर आवश्यक सुझाव दिए जाते हैं। समिति पर्यटन क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर अपनी रिपोर्ट भी तैयार करती है, जिसे आगे विधानसभा में प्रस्तुत किया जाता है। प्रशांत किशोर के समिति में शामिल होने के बाद पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने और इससे जुड़े अन्य मुद्दों पर उनकी भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी।